
जमशेदपुर: जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर में जुए के अड्डे पर पुलिस ने छापेमारी कर 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से करीब सात लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा जुए में इस्तेमाल होने वाले ताश के पत्ते, रजिस्टर और अन्य सामान भी जब्त किए गए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, प्रकाश नगर स्थित प्रीतपाल के घर में कथित तौर पर जुआ खेलने का सिलसिला चल रहा था। इसकी गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने देर रात छापेमारी की। इस दौरान मौके पर मौजूद 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस को वहां से करीब सात लाख रुपये नकद मिले। इसके साथ ही जुए के हिसाब-किताब से जुड़े दो रजिस्टर और अन्य सामान भी बरामद किए गए।
शहर के अलग-अलग इलाकों से पहुंचे थे युवक
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जुआ खेलने के लिए जमशेदपुर के अलग-अलग इलाकों से युवक प्रकाश नगर पहुंचे थे। इनमें कदमा, सोनारी और परसुडीह समेत अन्य क्षेत्रों के लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि जुए का खेल कब से चल रहा था और इसमें कितने लोग शामिल थे।
रजिस्टर से लेन-देन की जानकारी जुटा रही पुलिस
छापेमारी के दौरान बरामद रजिस्टर की भी जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इससे जुए में इस्तेमाल होने वाली रकम और लेन-देन से संबंधित जानकारी मिल सकती है। फिलहाल मामले के अन्य पहलुओं की जांच जारी है। बरामद नकदी और अन्य सामान के संबंध में विस्तृत जानकारी पुलिस की आधिकारिक पुष्टि के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।










