
- बीमारी का बहाना बनाकर जेलकर्मियों पर किया हमला, एक जवान गंभीर रूप से घायल
- चार कैदी दोबारा गिरफ्तार, बाकी 13 की तलाश में 17 विशेष टीमें गठित
चेन्नई : तमिलनाडु के थेनी जिले की थेक्कमपट्टी उप-जेल से सोमवार देर रात 17 विचाराधीन कैदी फरार हो गए। कैदियों ने पहले एक साथी की तबीयत खराब होने का बहाना बनाया। उसकी मदद के लिए जब जेलकर्मी पहुंचे, तो आरोपितों ने अचानक उन पर हमला कर दिया और जेल से भाग निकले। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। फरार कैदियों की तलाश में बड़े स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार सुबह तक पुलिस चार कैदियों को दोबारा गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि बाकी 13 की तलाश जारी थी।
बीमारी का बहाना बनाकर किया हमला
पुलिस के अनुसार, सभी 17 कैदी जेल की एक ही सेल में बंद थे। सोमवार रात करीब 10 बजे कैदियों ने सूचना दी कि उनमें से एक की तबीयत खराब हो गई है और उसे दौरा पड़ रहा है। इसके बाद जेलकर्मी मदद के लिए सेल के अंदर पहुंचे। इसी दौरान कैदियों ने उन पर अचानक हमला कर दिया और मौके का फायदा उठाकर जेल के मुख्य द्वार से फरार हो गए।
इस हमले में जेल के ग्रेड-2 पुलिसकर्मी थंगापांडी के सिर में गंभीर चोट आई। उन्हें जी. विलाक्कु के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। ड्यूटी पर मौजूद दो अन्य जेलकर्मियों को भी मामूली चोटें आई हैं। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
चार कैदी गिरफ्तार, 13 की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सक्रिय हो गए। दक्षिण क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आइजीपी) विजयेंद्र बिदारी के अनुसार, फरार कैदियों को पकड़ने के लिए 17 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। तलाशी अभियान के दौरान चार कैदियों को दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया। बाकी 13 कैदियों की तलाश जारी है।
पुलिस टीमें जेल के आसपास के इलाकों, जंगलों और रेलवे पटरियों के आसपास तलाशी ले रही हैं। इसके साथ ही अलग-अलग जिलों में वाहनों की जांच भी तेज कर दी गई है। फरार कैदियों की तस्वीरें आसपास के जिलों की पुलिस के साथ साझा की गई हैं, ताकि उनकी पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
सीमावर्ती इलाकों में अलर्ट, 16 जगहों पर चेकपोस्ट
कैदियों के फरार होने के बाद तमिलनाडु के कई जिलों के साथ पड़ोसी राज्य केरल की पुलिस को भी सतर्क कर दिया गया है। मदुरै, डिंडीगुल और केरल के इडुक्की जिले की पुलिस को कैदियों की जानकारी भेजी गई है।
डिंडीगुल जिले में सुरक्षा के मद्देनजर 16 स्थानों पर चेकपोस्ट बनाए गए हैं। पुलिस प्रमुख रास्तों पर वाहनों की जांच कर रही है। केरल की ओर जाने वाले मार्गों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है, ताकि फरार कैदी राज्य की सीमा पार नहीं कर सकें।
जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
एक ही सेल में बंद 17 कैदियों का जेलकर्मियों पर हमला कर फरार हो जाना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। पुलिस और जेल विभाग के अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि कैदी किस तरह एक साथ भागने में सफल हुए और सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई।
कंडामनूर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार, फरार कैदियों की तलाश के साथ-साथ घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता बाकी 13 कैदियों को गिरफ्तार करना है।












