
- 31 अक्टूबर से 5 नवंबर तक यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी, चौथी रेल लाइन और यार्ड री-मॉडलिंग के कारण लिया गया फैसला।
जमशेदपुर : दीपावली और छठ महापर्व पर घर लौटने की तैयारी कर रहे यात्रियों को रेलवे ने बड़ा झटका दिया है। दक्षिण पूर्व रेलवे ने चक्रधरपुर रेल मंडल के बागडीही-झारसुगुड़ा रेलखंड में चल रहे विकास कार्यों के कारण टाटानगर, राउरकेला और हावड़ा रूट की 14 ट्रेनों को अस्थायी रूप से रद कर दिया है। यह फैसला 31 अक्टूबर से पांच नवंबर तक प्रभावी रहेगा। इसके अलावा टाटानगर आने वाली उत्कल एक्सप्रेस का परिचालन मार्ग भी बदल दिया गया है। ऐसे में त्योहार के दौरान घर पहुंचने की योजना बना रहे यात्रियों को अपनी यात्रा का कार्यक्रम बदलना पड़ सकता है।
चौथी लाइन के काम ने बिगाड़ा ट्रेनों का गणित
रेलवे की ओर से बागडीही-झारसुगुड़ा रेलखंड के बीच चौथी रेल लाइन की कमीशनिंग और यार्ड री-मॉडलिंग का काम कराया जा रहा है। इसी वजह से इस रेलखंड पर नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के तहत ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस काम से भविष्य में ट्रेनों की परिचालन क्षमता, रफ्तार और समयबद्धता बेहतर होगी। हालांकि, फिलहाल यात्रियों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
इन प्रमुख ट्रेनों का परिचालन रहेगा प्रभावित
रेलवे की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रमुख ट्रेनें इस प्रकार हैं—
- 13425 मालदा टाउन-सूरत एक्सप्रेस: 31 अक्टूबर को रद।
- 22861 हावड़ा-कांताबांजी एक्सप्रेस: 3 नवंबर को रद।
- 22862 कांताबांजी-हावड़ा एक्सप्रेस: 4 नवंबर को रद।
- 18109-18110 नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी-टाटानगर एक्सप्रेस: 1 से 3 नवंबर तक रद।
- 18175 हटिया-झारसुगुड़ा एक्सप्रेस: 1 से 3 नवंबर तक रद।
- 18176 झारसुगुड़ा-हटिया एक्सप्रेस: 2 से 4 नवंबर तक रद।
- 18107 राउरकेला-जगदलपुर एक्सप्रेस: 3 नवंबर को रद।
- 18108 जगदलपुर-राउरकेला एक्सप्रेस: 4 नवंबर को रद।
- 13426 सूरत-मालदा टाउन एक्सप्रेस: 2 नवंबर को रद।
- 18125-18126 राउरकेला-पुरी एक्सप्रेस: 3 नवंबर को रद।
- 17433 तिरुपति-रायचूर एक्सप्रेस: 2 नवंबर को रद।
- 17434 रायचूर-तिरुपति एक्सप्रेस: 5 नवंबर को रद।
- 22839-22840 भुवनेश्वर-राउरकेला एक्सप्रेस: 3 नवंबर को रद।
- इसके अलावा राउरकेला-झारसुगुड़ा-राउरकेला मेमू ट्रेन (68029-68030) भी एक से तीन नवंबर तक रद रहेगी।
दो नवंबर को टाटानगर नहीं पहुंचेगी उत्कल एक्सप्रेस
रेलवे ने उत्कल एक्सप्रेस के परिचालन मार्ग में भी बदलाव किया है। 18477-18478 कलिंग उत्कल एक्सप्रेस दो नवंबर को अपने निर्धारित मार्ग से टाटानगर नहीं आएगी। ट्रेन पुरी से चलकर योगनगरी ऋषिकेश की ओर जाने के बजाय ईब से झारसुगुड़ा रोड होते हुए संबलपुर सिटी और कटक के रास्ते जाएगी। इससे टाटानगर आने-जाने वाले यात्रियों को परेशानी होगी।
टिकट बुक करने से पहले जरूर जांचें स्टेटस
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन का परिचालन स्टेटस जरूर जांच लें। ऑनलाइन टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को ट्रेन रद होने की स्थिति में नियमानुसार रिफंड दिया जाएगा। त्योहार के समय अचानक हुए इस बदलाव से बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और झारखंड के बीच सफर करने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।












