
जमशेदपुर : मानगो के शंकोसाई स्थित केदार बगान के पास एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पारिवारिक कलह और आर्थिक तंगी से परेशान एक महिला ने अपनी तीन मासूम बेटियों के साथ कथित तौर पर जहर पीकर जान देने का प्रयास किया। घटना ने परिवार की आर्थिक बदहाली और घरेलू परिस्थितियों को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पड़ोसी ने पहुंचाया एमजीएम अस्पताल
घटना की जानकारी मिलने के बाद विकास सिंह के मित्र और महिला के पड़ोसी अजय कुमार ने तत्परता दिखाते हुए मां और तीनों बच्चियों को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। चारों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने पर विकास सिंह भी अस्पताल पहुंचे।
इलाज की व्यवस्था पर उठाए सवाल
विकास सिंह ने आरोप लगाया कि एमजीएम अस्पताल में बेहतर इलाज की व्यवस्था नहीं मिलने पर उन्होंने अस्पताल अधीक्षक को पूरे मामले की जानकारी दी और समुचित उपचार सुनिश्चित कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा देती है, वहीं दूसरी ओर आर्थिक तंगी और पारिवारिक परिस्थितियों से जूझ रहे परिवारों की ऐसी घटनाएं व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं।
आर्थिक तंगी और पारिवारिक कलह ने बढ़ाई चिंता
इस घटना ने एक बार फिर आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवारों की सामाजिक और मानसिक परेशानियों को सामने ला दिया है। हालांकि, महिला ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी विस्तृत जानकारी और पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल मां और तीनों बच्चियों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बनी हुई है।












