
- उंटारी रोड से हुसैनाबाद जाने के दौरान हुई घटना, एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल के नेतृत्व में बनी विशेष टीम ने की छापेमारी
विश्रामपुर : पलामू जिले के उंटारी रोड थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद पलामू पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर घटना में कथित रूप से इस्तेमाल किए गए दो टोटो और तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार तीनों आरोपित एक ही गांव के रहने वाले हैं। रविवार को उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
लकड़ाही से हुसैनाबाद जाने के दौरान हुई घटना
पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर को नाबालिग पीड़िता ने उंटारी रोड थाना में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता का आरोप है कि वह लकड़ाही गांव से हुसैनाबाद जाने के लिए निकली थी। इसी दौरान टोटो पर सवार तीन लोगों ने उसके साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। नाबालिग से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की।
एसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम, तीनों गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पलामू एसपी कपिल चौधरी के निर्देश पर एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर तीनों संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पूछताछ में तीनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सुधोध दीक्षित (38), मुकेश दीक्षित (26) और अभय दीक्षित (20) के रूप में हुई है। तीनों उंटारी रोड थाना क्षेत्र के भदुमा गांव के निवासी हैं।
दो टोटो और तीन मोबाइल फोन जब्त
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर दो टोटो जब्त किए हैं। इनमें एक का रजिस्ट्रेशन नंबर जेएच 03 एटी 7471 और दूसरे का जेएच 03 एवी 3393 है। इसके अलावा तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस इन जब्त सामानों को मामले की जांच से जुड़े साक्ष्य के रूप में देख रही है।
पॉक्सो समेत गंभीर धाराओं में दर्ज है केस
इस मामले में उंटारी रोड थाना कांड संख्या 55/2026, दिनांक 31 अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 70(2), पॉक्सो एक्ट की धारा 4/6 और एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की धारा 3(2)(v) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक सोनू कुमार चौधरी, उंटारी रोड थाना प्रभारी संतोष गिरि, एसआई साधुचरण दास सहित थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस का कहना है कि महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।












