
- 22 जनवरी से 30 जून तक सारंडा में चले विशेष अभियान में निभाई थी अहम भूमिका
- देशभर में विशेष अभियान के लिए 357 पुलिसकर्मियों को मिला केंद्रीय गृह मंत्री पुलिस दक्षता पदक
रांची : झारखंड में माओवादियों के खिलाफ चलाए गए अभियान में मिली सफलता को केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिया है। पश्चिमी सिंहभूम के सारंडा क्षेत्र में माओवादियों के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाने वाले झारखंड पुलिस के 28 अधिकारियों और जवानों को केंद्रीय गृह मंत्री पुलिस दक्षता पदक से सम्मानित किया गया है। सम्मान पाने वालों में झारखंड जगुआर के आइजी अनूप बिरथरे, डीआइजी इंद्रजीत महथा और डिप्टी कमांडेंट मिथिलेश कुमार समेत पुलिस के विभिन्न पदों पर तैनात अधिकारी और जवान शामिल हैं।
केंद्र सरकार ने शनिवार को देशभर में पुलिस दक्षता पदकों की घोषणा की। इसके तहत विशेष अभियान के लिए 357, बेहतर अनुसंधान के लिए 123 और फोरेंसिक साइंस के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले नौ अधिकारियों एवं जवानों को पदक देने की घोषणा की गई। इनमें झारखंड के 28 पुलिसकर्मियों को विशेष अभियान में उनकी भूमिका के लिए सम्मानित किया गया है।
22 जनवरी से 30 जून तक चला था अभियान
पश्चिमी सिंहभूम के सारंडा जंगल में माओवादियों के खिलाफ 22 जनवरी से 30 जून तक विशेष अभियान चलाया गया था। इस अभियान में झारखंड जगुआर और पुलिस के अधिकारियों-जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अभियान के दौरान माओवादी संगठन को बड़ा नुकसान पहुंचा। कई माओवादी मारे गए, जबकि कुछ ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया। वहीं, कई माओवादी झारखंड छोड़कर दूसरे राज्यों में चले गए और वहां आत्मसमर्पण कर दिया। इस अभियान के बाद क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों को बड़ा झटका लगा।
अफसरों से जवानों तक को मिला सम्मान
पदक पाने वालों में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ डीएसपी, इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर, एएसआइ, हवलदार और सिपाही भी शामिल हैं। इससे स्पष्ट है कि अभियान में अलग-अलग स्तर पर काम करने वाली पुलिस टीमों के योगदान को सम्मान दिया गया है। अधिकारियों के नेतृत्व से लेकर जमीनी स्तर पर अभियान में शामिल जवानों की भूमिका को इस सम्मान के माध्यम से पहचान मिली है।
इन्हें मिला केंद्रीय गृह मंत्री पुलिस दक्षता पदक
1. अनूप बिरथरे – आइजी, झारखंड जगुआर
2. इंद्रजीत महथा – डीआइजी, झारखंड जगुआर
3. मिथिलेश कुमार – डिप्टी कमांडेंट
4. ज्ञान रंजन – डीएसपी
5. चंदन कुमार – डीएसपी
6. रमेश मुर्मू – इंस्पेक्टर
7. अमित रोशन कुल्लू – इंस्पेक्टर
8. मनोरंजन प्रसाद सिंह – इंस्पेक्टर
9. अमृत केरकेट्टा – सब इंस्पेक्टर
10. संदीप तिर्की – सब इंस्पेक्टर
11. प्रभात कुमार महतो – सब इंस्पेक्टर
12. गौतम राणा – सब इंस्पेक्टर
13. दीनबंधु हांसदा – सब इंस्पेक्टर
14. लोहरा मुंडा – एएसआइ
15. माधव लाल टोप्पो – एएसआइ
16. जलिंद्र साहू – हवलदार
17. ऋषि रंजन – सिपाही
18. शिव कुमार महतो – सिपाही
19. फिरदूस अंसारी – सिपाही
20. जयदीप लकड़ा – डीएसपी
21. प्रदीप कुमार – डीएसपी
22. आकाश कुमार – सब इंस्पेक्टर
23. पवन कुमार चौधरी – सब इंस्पेक्टर
24. सैनिक समद – सब इंस्पेक्टर
25. अमृत कुमार पासवान – सब इंस्पेक्टर
26. रोहित कुमार-1 – सब इंस्पेक्टर
27. राज कुमार महतो – सिपाही
28. मंगल सिंह हेम्ब्रम – सिपाही












