
जमशेदपुर : नौ साल के लंबे इंतजार के बाद रविवार को झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 का आयोजन पूर्वी सिंहभूम जिले में शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में किया गया। जिले के 93 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा संचालित हुई। परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल हुए। परीक्षा के सफल संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। परीक्षा केंद्रों के अंदर से लेकर बाहर तक सुरक्षा और निगरानी की व्यवस्था की गई थी।
जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्रों पर प्रवेश प्रक्रिया, अभ्यर्थियों की सुरक्षा जांच, परीक्षा कक्षों में बैठने की व्यवस्था तथा प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और केंद्राधीक्षकों की उपस्थिति की जानकारी ली। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को परीक्षा संचालन से जुड़े सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
दो पालियों में हुई परीक्षा
जेटेट की पहली पाली में उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा छह से आठ) के अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। वहीं, दूसरी पाली में प्राथमिक स्तर (कक्षा एक से पांच) के अभ्यर्थी शामिल हुए। परीक्षा में किसी प्रकार की गड़बड़ी और कदाचार की आशंका को देखते हुए सभी केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
परीक्षा खत्म होने के बाद यातायात पर नजर
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही परीक्षार्थियों के आवागमन को लेकर भी प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रबंधन के लिए आवश्यक व्यवस्था की गई, ताकि अलग-अलग क्षेत्रों से आए अभ्यर्थियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी नहीं हो। जिला प्रशासन के अनुसार, जिले के सभी 93 केंद्रों पर परीक्षा का संचालन शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में कराया गया।












