
- 12 नवंबर से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया, 26 नवंबर तक बिना विलंब शुल्क मिलेगा मौका
- फरवरी में 8वीं, 9वीं और 11वीं की भी होगी परीक्षा, मार्च तक जारी करना होगा रिजल्ट
रांची : झारखंड में मैट्रिक और इंटर की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) वर्ष 2027 की परीक्षाओं का आयोजन फरवरी में करने की तैयारी में जुटा है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, पांच फरवरी 2027 से मैट्रिक और इंटर की परीक्षाएं शुरू हो सकती हैं। दोनों परीक्षाओं में राज्यभर से करीब 7.50 लाख छात्र-छात्राओं के शामिल होने का अनुमान है। परीक्षा का कार्यक्रम नवंबर के अंत तक जारी किए जाने की तैयारी है।
परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए आवेदन प्रक्रिया 12 नवंबर से शुरू होगी। बिना विलंब शुल्क के 26 नवंबर तक फॉर्म भरे जा सकेंगे। वहीं, 27 नवंबर से चार दिसंबर तक विलंब शुल्क के साथ आवेदन करने का अवसर मिलेगा। जैक ने इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विद्यार्थियों और स्कूल-कॉलेजों को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
मैट्रिक में 4.30 लाख, इंटर में 3.30 लाख परीक्षार्थी
इस बार मैट्रिक और इंटर की परीक्षाओं में कुल 7.50 लाख से अधिक विद्यार्थियों के शामिल होने की संभावना है। इनमें मैट्रिक के लगभग 4.30 लाख छात्र-छात्राएं होंगे। वहीं, इंटरमीडिएट की तीनों संकायों विज्ञान, कला और वाणिज्य को मिलाकर करीब 3.30 लाख विद्यार्थी परीक्षा देंगे। इस हिसाब से फरवरी में राज्य की सबसे बड़ी शैक्षणिक परीक्षाओं में से एक का आयोजन होगा।
अप्रैल तक जारी हो सकता है बोर्ड परीक्षा का परिणाम
जैक फरवरी में ही मैट्रिक और इंटर की परीक्षाएं संपन्न कराने की योजना पर काम कर रहा है। इसके बाद मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी कर अप्रैल के अंत तक तीनों संकायों सहित मैट्रिक का परिणाम जारी करने की तैयारी है। परीक्षा कैलेंडर को समय पर पूरा करने का उद्देश्य विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई और नामांकन के लिए पर्याप्त समय देना है।
फरवरी के अंतिम सप्ताह में आठवीं, नौवीं और 11वीं की परीक्षा
बोर्ड परीक्षाओं के साथ जैक आठवीं, नौवीं और 11वीं की वार्षिक परीक्षाओं की भी तैयारी कर रहा है। इन कक्षाओं की परीक्षाएं फरवरी के अंतिम सप्ताह में ओएमआर शीट के माध्यम से आयोजित की जाएंगी। इनका आयोजन मैट्रिक और इंटर के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर ही किया जाएगा।
सरकार ने जैक को शैक्षणिक सत्र 2026-27 की आठवीं, नौवीं और 11वीं की वार्षिक परीक्षाओं का परिणाम भी 31 मार्च 2027 से पहले जारी करने का निर्देश दिया है। इससे विद्यार्थियों को अगली कक्षा में प्रवेश और पढ़ाई शुरू करने में देरी नहीं होगी। अब विद्यार्थियों की नजर जैक की ओर से जारी होने वाले आधिकारिक परीक्षा कार्यक्रम पर टिकी है।












