
सरायकेला : सरायकेला थाना क्षेत्र में चोरों का दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार की रात जिला समाहरणालय परिसर के समीप स्थित बैंक ऑफ इंडिया के मुख्य गेट का ताला तोड़कर चोरी की कोशिश की गई। हालांकि ग्रामीणों की सक्रियता के कारण चोर बैंक के अंदर दाखिल नहीं हो सके और बड़ी लूट की घटना टल गई।
पहले अंधेरा किया, फिर तोड़ा CCTV
चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले बैंक के ऊपर लगे साइन बोर्ड की लाइट के तार काट दिए, जिससे आसपास अंधेरा हो गया। इसके बाद CCTV कैमरे को क्षतिग्रस्त किया गया और रॉड की मदद से बैंक के मुख्य गेट का ताला तोड़ दिया गया।
पास में चलता था क्लब, इसलिए नहीं घुस सके अंदर
ग्रामीणों के अनुसार बैंक के बगल में बने मां मनसा क्लब में देर रात तक लोगों की आवाजाही रहती है। इसी वजह से चोर बैंक के अंदर जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके। घटना के बाद शनिवार सुबह ग्रामीणों ने बैंक का टूटा ताला देखा और पुलिस को सूचना दी।
बैंक मैनेजर ने लिया जायजा
सूचना मिलने पर शाखा प्रबंधक कैलाश मंडल बैंक पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उनके अनुसार चोर मुख्य गेट का ताला तोड़ने में सफल रहे, लेकिन बैंक के अंदर किसी तरह की क्षति नहीं हुई है। घटना की जानकारी हेड ऑफिस को दे दी गई है और पुलिस की जांच के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
सात जगहों पर चोरों की नजर?
घटना ने सरायकेला थाना क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। खबर के मुताबिक चोरों ने हाल के दिनों में करीब सात स्थानों को निशाना बनाया है। कुछ दिन पहले थाना से कुछ सौ मीटर की दूरी पर स्थित एक राशन दुकान में भी करीब एक लाख रुपये की चोरी हुई थी।
अब जिला समाहरणालय परिसर के समीप बैंक को निशाना बनाए जाने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। जिस परिसर में प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारियों के कार्यालय हैं, उसके पास बैंक का ताला टूटना गंभीर चिंता का विषय बन गया है।
CCTV फुटेज से खुलेगा राज
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। चोरों की पहचान के लिए CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और क्या इन घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह का हाथ है।












