Spread the love

जमशेदपुर: भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की वार्षिक रथ यात्रा गुरुवार को जमशेदपुर में श्रद्धा, उत्साह और भक्ति के माहौल में निकाली जाएगी। शहर के विभिन्न इलाकों में धार्मिक संस्थाओं और पूजा समितियों की ओर से भव्य रथ यात्रा का आयोजन किया गया है। रथ यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने सुरक्षा एवं यातायात के विशेष इंतजाम किए हैं। बिष्टुपुर स्थित इस्कॉन की रथ यात्रा आंध्र भक्त श्रीराम मंदिर परिसर से शुरू होकर गोपाल मैदान, जुस्को गोलचक्कर, स्ट्रेट माइल रोड, कीनन स्टेडियम और साकची बड़ा गोलचक्कर होते हुए साकची वाहन पड़ाव तक पहुंचेगी। वहीं कदमा क्षेत्र में उलियान जगन्नाथ मंदिर से रथ यात्रा निकलकर कदमा मार्केट, गणेश पूजा मैदान, कदमा थाना और विमेंस कॉलेज मार्ग से विश्वजीत मणिमेला मैदान तक जाएगी।

इसके अलावा सोनारी, टेल्को, बागबेड़ा और जुगसलाई समेत कई इलाकों में भी पारंपरिक तरीके से रथ यात्रा निकाली जाएगी। आयोजन समितियों ने श्रद्धालुओं के लिए भजन-कीर्तन, प्रसाद वितरण और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों की भी व्यवस्था की है। रथ यात्रा के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया गया है। बिष्टुपुर वोल्टास बिल्डिंग से रीगल गोलचक्कर तक दोनों लेन में वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। वहीं मानगो और डिमना की ओर जाने वाले वाहनों को पारडीह चौक सहित अन्य वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से यात्रा मार्गों पर अनावश्यक वाहन लेकर नहीं आने और जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version