
जमशेदपुर: मानगो और उलीडीह क्षेत्र में एक ही रात 12 दुकानों में हुई सिलसिलेवार चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार और चोरी का सामान भी बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने 12 दुकानों में चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। 11 और 12 जुलाई की मध्यरात्रि चोरों ने मानगो और उलीडीह क्षेत्र की 12 दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की थी। बदमाशों ने जगदंबा होटल के समीप स्थित गुप्ता इलेक्ट्रिक, आटा चक्की, फल दुकान, सुमन स्टोर के अलावा मानगो थाना क्षेत्र के वैभव लक्ष्मी मेडिकल, शिव स्टोर और गीतांजली स्टोर समेत कई दुकानों को निशाना बनाया था। दुकानदारों की शिकायत पर ओलीडीह ओपी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के नेतृत्व तथा डीएसपी पटमदा दयानंद कुमार की निगरानी में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने चार आरोपी शंकर हेम्ब्रम, मुकदर सामद, गौतम हेम्ब्रम उर्फ डाडू और विक्की मुखी—को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी उलीडीह थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में मानगो और ओलीडीह की 12 दुकानों में चोरी करने की बात स्वीकार की है। उनके कब्जे से चोरी में इस्तेमाल किया गया लोहे का चापड़, लोहे का रॉड (साबल), चैन पुली तथा चोरी की एक सिलाई मशीन बरामद की गई है। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी शंकर हेम्ब्रम के खिलाफ पहले से चोरी के दो मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और चोरी के बाकी सामान की बरामदगी के लिए जांच में जुटी हुई है।