Spread the love

जमशेदपुर: एक तरफ 3 जुलाई को प्रस्तावित जमशेदपुर बंद को लेकर पूरा शहर पुलिस छावनी में तब्दील था। नए एसएसपी के निर्देश पर हर प्रमुख चौक-चौराहे, बाजार और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की सघन गश्त चल रही थी। वहीं दूसरी ओर अपराधियों ने कदमा थाना क्षेत्र में खुलेआम फायरिंग कर पुलिस व्यवस्था को चुनौती दे दी। गुरुवार देर रात हुई इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर लोगों की चिंता और गहरा गई है। कदमा थाना क्षेत्र के रामजनम नगर में गुरुवार रात करीब 12 बजे पुरानी रंजिश को लेकर गोलीबारी की घटना हुई। इस फायरिंग में संजय नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली सीधे उसके मुंह में लगी, जिससे उसका जबड़ा बुरी तरह जख्मी हो गया। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायल संजय ने पुलिस को बताया कि उसका अनिल और कृष्णा नामक दो युवकों से काफी समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार रात दोनों बातचीत करने के बहाने उसके पास पहुंचे। पहले सामान्य बातचीत की और फिर अचानक हथियार निकालकर उस पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। वारदात इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही हमलावर भाग निकले। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और परिजनों ने गंभीर रूप से घायल संजय को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। नए एसएसपी भी घटनास्थल पहुंचे। वहीं घायल के परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग कदमा थाना पहुंचे तथा आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए शिकायत दर्ज कराई। एमजीएम अस्पताल में भी देर रात तक लोगों की भीड़ जुटी रही और घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version