
रांची: जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा में सुधार और कथित परीक्षा अनियमितताओं के खिलाफ राजधानी रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में पिछले 26 दिनों से चल रहा छात्र आंदोलन बुधवार को दो महीने के लिए स्थगित कर दिया गया। जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच ने राज्य सरकार को अपनी लंबित मांगों को पूरा करने के लिए 60 दिनों का समय दिया है। मंच ने स्पष्ट किया है कि तय अवधि में मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन पहले से भी अधिक व्यापक और उग्र रूप में शुरू किया जाएगा।
मंच के नेता रविंद्र पासवान ने कहा कि छात्रों की बची हुई मांगों को पूरा कराने के लिए सरकार को दो महीने का समय देने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि आंदोलन स्थगित किया गया है, समाप्त नहीं। सरकार को इस अवधि में छात्रों की सभी मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई करनी होगी। झारखंड में जिन परीक्षाओं में कथित तौर पर अनियमितता और परीक्षा माफिया की भूमिका सामने आई है, उनकी जांच कर दोषियों का पर्दाफाश किया जाए। उन्होंने लंबित परीक्षाओं को भी रद्द करने की मांग दोहराई। मंच की ओर से PGD, नगर पालिका, आबकारी, कॉन्स्टेबल और फील्ड वर्कर समेत अन्य परीक्षाओं को लेकर भी सवाल उठाए गए।
उन्होंने दावा किया कि छात्रों के लगातार आंदोलन के दबाव में सरकार को कई परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला लेना पड़ा। उन्होंने कहा कि अब तक 22 परीक्षाएं रद्द कराई गई हैं और इसका श्रेय झारखंड के छात्रों और युवाओं को जाता है, जिन्होंने अनुशासन के साथ अपनी मांगों को सरकार के सामने रखा।
दो महीने बाद फिर शुरू होगा आंदोलन
रविंद्र पासवान ने चेतावनी दी कि अगर 60 दिनों के भीतर सरकार ने छात्रों की मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की और उन्हें लगा कि सरकार छात्रों के साथ नहीं है, तो आंदोलन दोबारा शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगला आंदोलन मौजूदा प्रदर्शन से भी ज्यादा प्रभावी और व्यापक होगा।वहीं, छात्र नेता कुणाल प्रताप सिंह ने कहा कि जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच का जल्द ही औपचारिक रूप से रजिस्ट्रेशन कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में झारखंड के छात्रों से जुड़ा कोई भी मुद्दा सामने आएगा तो मंच उनकी आवाज बनने का काम करेगा।
पद्मश्री मधु मंसूरी ने तुड़वाया अनशन
आंदोलन के दौरान भूख हड़ताल पर बैठे जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच के रूपेश पाल, राहुल क्रांति और सबीता का अनशन पद्मश्री मधु मंसूरी ने जूस पिलाकर तुड़वाया। इसके बाद आंदोलन को दो महीने के लिए स्थगित करने की घोषणा की गई।
आभार यात्रा में छात्रों ने मनाया जश्न
आंदोलन स्थगित होने के बाद शाम को जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच और छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो गुट से जुड़े छात्रों ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से आभार यात्रा निकाली। यात्रा अल्बर्ट एक्का चौक पहुंची, जहां छात्रों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर खुशी जताई। इस दौरान पटाखे भी जलाए गए। छात्रों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि आंदोलन के दौरान उनकी मांगों पर सरकार की ओर से लिए गए फैसले छात्रों की जीत हैं। छात्रों ने कहा कि फिलहाल वे खुशी-खुशी अपने घर लौट रहे हैं, लेकिन सरकार को दिए गए 60 दिनों के अल्टीमेटम पर उनकी नजर बनी रहेगी।