खूंटी: खूंटी जिले के तोरपा थाना क्षेत्र में सोमवार को एक धार्मिक आयोजन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। खेल-खेल में धार्मिक रथ खींच रहे स्कूली बच्चे 11 हजार वोल्ट की हाई-टेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए। हादसे में दो छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृत छात्रों की पहचान चंदन कुमार (पिता- ननका यादव) और तिजेश्वर गोप (पिता- पाल गोप) के रूप में हुई है। दोनों 12वीं कक्षा के छात्र थे। जानकारी के अनुसार, तोरपा के निधिवन रेस्टोरेंट के पास धार्मिक आयोजन के लिए एक रथ खड़ा था। स्कूल की छुट्टी के दौरान कुछ बच्चे वहां पहुंचे और उत्सुकतावश रथ को आगे बढ़ाने लगे। इसी दौरान रथ का ऊपरी हिस्सा ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाई-टेंशन बिजली लाइन से छू गया।
तार के संपर्क में आते ही पूरे रथ में तेज करंट फैल गया, जिससे रथ के संपर्क में मौजूद बच्चे बिजली की चपेट में आ गए। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल बिजली विभाग को सूचना देकर विद्युत आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद छह गंभीर रूप से झुलसे बच्चों को बेहतर इलाज के लिए खूंटी सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी। प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि धार्मिक रथ के ऊपर से गुजर रही हाई-टेंशन लाइन के बावजूद आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था क्यों नहीं की गई। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
Trending
- सीआईएसएफ गुवा में मानसिक स्वास्थ्य एवं तनाव प्रबंधन पर तीन दिवसीय कार्यशाला संपन्न
- जमशेदपुर: साईं सरस्वती इंग्लिश स्कूल में पर्यावरण पहल के तहत संगोष्ठी और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित
- सारंडा में स्कूल बसों को ग्रामीणों ने रोका, शिक्षा व्यवस्था सुधारने की मांग पर प्रदर्शन
- जमशेदपुर: दुकानदार से रंगदारी की मांग, विरोध पर चापड़ से हमला
- रांची में पहली बार होगा डूरंड कप-2026 का आयोजन, 26 जुलाई से मुकाबले; दर्शकों को मिलेंगे मुफ्त टिकट
- खूंटी में बड़ा हादसा: धार्मिक रथ हाई-टेंशन तार से टकराया, 2 छात्रों की मौत, 6 गंभीर रूप से झुलसे
- साहिबगंज में घरेलू विवाद ने लिया हिंसक रूप, पति ने पत्नी और सास पर चाकू से किया हमला, आरोपी फरार
- गोलमुरी मार्केट की पान दुकान का ताला तोड़कर चोरी, नकदी समेत हजारों रुपये का सामान लेकर फरार हुए चोर


