Spread the love

जमशेदपुर: जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित पुराने एमजीएम अस्पताल के समीप सोमवार शाम रंगदारी मांगने को लेकर हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि चापड़ से लैस कुछ युवक एक दुकानदार की दुकान पर पहुंचे और उससे पैसे की मांग करने लगे। दुकानदार द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमले का नेतृत्व नंदू लोहार नामक युवक कर रहा था। आरोप है कि रंगदारी नहीं मिलने पर बदमाशों ने दुकानदार पर चापड़ से वार कर दिया, जिससे उसके हाथ में गंभीर चोट आई। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों की भीड़ जुटने पर आरोपी मौके से भागने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने पीछा कर एक आरोपी को हिरासत में ले लिया, जबकि उसके अन्य साथी फरार होने में सफल रहे। घायल दुकानदार को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला रंगदारी वसूली के प्रयास से जुड़ा सामने आया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!
Exit mobile version