Spread the love

जमशेदपुर: गैंगस्टर अखिलेश सिंह के करीबी माने जाने वाले विक्रम शर्मा की हत्या के मामले में देहरादून पुलिस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बड़ा कदम उठाया है। पुलिस ने इस चर्चित हत्याकांड में शामिल पांच फरार शूटरों पर 2-2 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। ये सभी आरोपी वारदात के बाद से लगातार फरार चल रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पहले उनके घरों की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई भी की गई थी, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने न तो आत्मसमर्पण किया और न ही पुलिस के सामने पेश हुए। इसके बाद देहरादून पुलिस ने इनाम घोषित कर उनकी तलाश और तेज कर दी है। जिन आरोपियों पर इनाम घोषित किया गया है, उनमें आकाश कुमार प्रसाद (बजरंग टेकरी, बागबेड़ा), जितेंद्र कुमार साहू (टैंक रोड, उलीडीह), आशुतोष कुमार सिंह (जुगसलाई), विशाल सिंह (गाड़ाबासा, बागबेड़ा) और अंकित कुमार वर्मा (टांगराटोली, लोहरदगा) शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि ये सभी हत्या के बाद से फरार हैं और लगातार गिरफ्तारी से बचते आ रहे हैं।

विक्रम शर्मा की 13 फरवरी को उत्तराखंड के देहरादून स्थित सिल्वर सिटी मॉल के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद जांच में झारखंड के अपराधियों की संलिप्तता सामने आई थी। इस मामले में देहरादून पुलिस अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।  फरार पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अब इनाम घोषित किए जाने के बाद पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।

error: Content is protected !!
Exit mobile version