Spread the love

सरायकेला (SARAIKELA):  सरायकेला-खरसावां जिले में माओवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और सीआरपीएफ को बड़ी कामयाबी मिली है। संयुक्त ऑपरेशन में कुल 22 लाख रुपये के इनामी तीन सक्रिय नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि इनकी गिरफ्तारी से कोल्हान और सारंडा क्षेत्र में सक्रिय माओवादी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। गिरफ्तार नक्सलियों की पहचान 15 लाख रुपये के इनामी मदन महतो, 5 लाख रुपये के इनामी बरिन सिंह उर्फ सागर उर्फ रवि सरदार और 2 लाख रुपये की इनामी मीना पहाड़िया उर्फ मौरा उर्फ नीपू के रूप में हुई है। तीनों लंबे समय से प्रतिबंधित माओवादी संगठन के लिए काम कर रहे थे और कई बड़ी घटनाओं में उनकी भूमिका सामने आ चुकी है।

कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बलों ने इनके पास से एक इंसास राइफल, एक एके-47, एक पिस्टल और करीब 250 जिंदा कारतूस बरामद किए। पुलिस के अनुसार बरामद हथियारों का इस्तेमाल संगठन की गतिविधियों और सुरक्षा बलों पर हमलों में किए जाने की आशंका है। जब्त हथियारों की फोरेंसिक जांच भी कराई जाएगी। सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या, विस्फोट, पुलिस पर हमला, लेवी वसूली और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। पूछताछ में महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर पुलिस संगठन के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

सीआरपीएफ की 134वीं बटालियन के कमांडेंट पवन कुमार सिंह ने कहा कि कोल्हान और सारंडा क्षेत्र में लगातार चल रहे संयुक्त अभियान का सकारात्मक परिणाम सामने आ रहा है। सुरक्षा बलों की कार्रवाई से माओवादी संगठन की गतिविधियां लगातार सीमित हो रही हैं और आगे भी अभियान पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार नक्सलियों का संबंध एक करोड़ रुपये के इनामी शीर्ष माओवादी असीम मंडल उर्फ आकाश के नेटवर्क से भी जुड़ा रहा है। इस कड़ी में कई अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई तेज कर दी गई है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि क्षेत्र में सक्रिय बचे हुए माओवादी कैडरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

error: Content is protected !!
Exit mobile version