Spread the love

जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के बाराद्वारी इलाके में गुरुवार सुबह चेन छिनतई की घटना से सनसनी फैल गई। मॉर्निंग वॉक के लिए निकली महिला तरुण झा को बाइक सवार बदमाशों ने निशाना बनाया और झपट्टा मारकर उनके गले से चेन छीनकर फरार हो गए। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, तरुण झा सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकली थीं। वह बाराद्वारी स्थित सोनी सर्विस सेंटर के पास पहुंची थीं, तभी बाइक पर सवार दो बदमाश उनके करीब आए। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पातीं, बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके गले से चेन खींच ली। अचानक हुई घटना से महिला घबरा गईं। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश तेज रफ्तार में बाइक लेकर मौके से फरार हो गए।

चेन छिनतई की घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी सीतारामडेरा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर पुलिस बदमाशों की पहचान करने के साथ ही यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात के बाद आरोपी किस रास्ते से फरार हुए।
सुबह के समय हुई इस घटना के बाद इलाके के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version