
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में घायल शंकर को चाईबासा सदर अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया। हालांकि, रांची ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही हाटगम्हरिया थाना प्रभारी उत्तम तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से आरोपी महेंद्र लागुरी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। इस वारदात के बाद जयपुर गांव में तनाव का माहौल है। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।