Spread the love


पश्चिमी सिंहभूम: जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के पाऊपी गांव में शुक्रवार रात एक 60 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या से सनसनी फैल गई। अपराधियों ने कथित तौर पर कागेन तांती के सिर पर धारदार हथियार या किसी भारी वस्तु से हमला किया। हत्या के बाद शव को घर से करीब 20 फीट दूर झाड़ियों की ओर घसीटकर ले जाने का प्रयास किया गया। घटनास्थल पर मिले खून के निशानों के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
घटना का पता शनिवार सुबह चला। बताया जाता है कि रात में कागेन तांती और उनकी पत्नी सुबदनी देवी अलग-अलग कमरों में सोए थे। रात के दौरान पत्नी को किसी तरह की संदिग्ध आवाज या गतिविधि की जानकारी नहीं हुई। सुबह जब वह पति के कमरे में पहुंचीं तो फर्श पर खून बिखरा मिला। कमरे से बाहर निकलने पर शव को घसीटकर झाड़ियों की ओर ले जाने के निशान दिखाई दिए।
सूचना मिलने के बाद हाटगम्हरिया थाना प्रभारी उत्तम तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और खून के निशानों समेत अन्य साक्ष्यों को सुरक्षित किया। शुरुआती जांच में सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। इससे आशंका है कि हमले के बाद बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल जमीन विवाद, आपसी रंजिश और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। मृतक के परिवार में चार बेटियां हैं। घटना के बाद गांव में भय और तनाव का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से हत्याकांड का जल्द खुलासा कर आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version