रिपोर्ट : बिनोद केशरी, जमशेदपुर
जमशेदपुर: शहर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित खालसा स्कूल परिसर में हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। 14 मार्च को हुए इस हादसे में 3 साल के मासूम आरुष शर्मा की कार की चपेट में आने से मौत हो गई थी।
घटना स्कूल परिसर के अंदर हुई, जो सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो चुकी है, इसके बावजूद अब तक कार चालक की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
मृतक बच्चे के परिजन लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं। बच्चे की मां कोमल देवी और पिता मुकेश कुमार शर्मा का कहना है कि उनके बेटे को न्याय मिलना चाहिए और आरोपी चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।
परिजनों का आरोप है कि स्पष्ट सबूत होने के बावजूद पुलिस कार्रवाई में देरी हो रही है, जिससे उनका आक्रोश और बढ़ता जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में तत्परता दिखाने और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन गिरफ्तारी नहीं होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने भी इस घटना पर दुख जताते हुए जल्द न्याय की मांग की है।
