Spread the love

जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के गोलपहाड़ी नया बस्ती में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर सोने-चांदी के जेवरात और करीब दो लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। चोरी की घटना का खुलासा रविवार सुबह हुआ, जब मकान मालकिन रिंकी कुमारी सिंह अपने परिवार के साथ बिहार के सिवान से वापस लौटीं। घर पहुंचते ही मुख्य दरवाजे के ताले टूटे मिले और अंदर सामान बिखरा पड़ा था।

जानकारी के अनुसार, रिंकी कुमारी सिंह के पिता का 22 जुलाई को टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में निधन हो गया था। पिता के निधन के बाद वह परिवार के साथ अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए सिवान चली गई थीं। इस दौरान मकान करीब 18 दिनों तक बंद रहा। रविवार सुबह वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है।

घर के अंदर पहुंचने पर अलमारी और दूसरे सामान अस्त-व्यस्त मिले। जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और करीब दो लाख रुपये नकद गायब हैं। पीड़िता के मुताबिक, घर में महिला समूह, चिटफंड और पिता के इलाज से जुड़े रुपये भी रखे हुए थे। उन्होंने चोरी में करीब 30 से 50 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई है। हालांकि, चोरी गए जेवर और नकदी की वास्तविक कीमत का पता पुलिस की जांच और विस्तृत आकलन के बाद ही चल सकेगा।

18 दिन तक बंद रहा घर, पड़ोसियों को नहीं लगी भनक

चोरी की इस वारदात ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। मकान करीब 18 दिनों तक बंद रहा, लेकिन पड़ोसियों को घटना की भनक तक नहीं लगी। आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने पहले मकान की रेकी की और परिवार के बाहर जाने के बाद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही परसुडीह पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। परिजनों ने पुलिस से डॉग स्क्वायड की मदद लेने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में स्थानीय अपराधियों का हाथ है या किसी बाहरी गिरोह ने रेकी के बाद चोरी को अंजाम दिया। पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version