Spread the love


जमशेदपुर: ओडिशा की जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने शानदारप्रदर्शन करते हुए 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। तमिलनाडु के कोयंबटूर में खेले गए फाइनल मुकाबले में ओडिशा ने मध्य प्रदेश को रोमांचक मुकाबले में 2-1 से हराकर राष्ट्रीय चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। ओडिशा की इस खिताबी जीत में ओडिशा नेवल टाटा हॉकी हाई परफॉर्मेंस सेंटर (ONTHHPC) के नौ कैडेट्स की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस जीत को कप्तान दीपक प्रधान ने और खास बना दिया। ONTHHPC के कैडेट दीपक ने फाइनल में शानदार प्रदर्शन किया और उन्हें मुकाबले का ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। टीम की कप्तानी करते हुए राष्ट्रीय खिताब दिलाना दीपक के लिए भी यादगार उपलब्धि रही।

चैंपियन टीम में ONTHHPC के नौ खिलाड़ी
ओडिशा की खिताबी टीम में ONTHHPC के कुल नौ कैडेट शामिल थे। इनमें अभिमन्यु गौड़ा (गोलकीपर), बिलकन ओराम (डिफेंडर), अजय खलखो (डिफेंडर), समीर बरवा (मिडफील्डर), विशाल कैथा (मिडफील्डर), विशाल बरला (मिडफील्डर), आलोक कुजूर (स्ट्राइकर), दीपक प्रधान (स्ट्राइकर और कप्तान) तथा देवनाथ नानवार (स्ट्राइकर) शामिल रहे। इन युवा खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट के दौरान अपनी प्रतिभा, अनुशासन और मेहनत का प्रदर्शन किया। फाइनल में मध्य प्रदेश के खिलाफ टीम ने दबाव के बीच शानदार खेल दिखाया और 2-1 की जीत के साथ ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

कोचिंग टीम ने भी दिया अहम योगदान
ओडिशा की चैंपियन टीम को ONTHHPC की कोचिंग और प्रदर्शन टीम का भी सहयोग मिला। टीम के पुरुष मुख्य कोच पी. लक्ष्मीनारायण, फिजियो अनूप देव नारायण और शक्ति एवं शारीरिक क्षमता प्रशिक्षक सुदीप पॉल ने खिलाड़ियों की तैयारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
हॉकी ऐस फाउंडेशन के सीईओ कैप्टन अमिताभ ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि नौ कैडेट्स का ओडिशा का प्रतिनिधित्व करना और टीम को राष्ट्रीय चैंपियन बनाने में योगदान देना पूरे ONTHHPC परिवार के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने दीपक प्रधान को फाइनल का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने जाने पर बधाई दी और खिलाड़ियों के साथ कोचिंग टीम के योगदान की भी सराहना की।

युवा हॉकी प्रतिभाओं को तैयार करने की दिशा में बड़ी सफलता
ONTHHPC में युवा खिलाड़ियों को तकनीकी कौशल के साथ रणनीतिक तैयारी, शारीरिक फिटनेस और समग्र विकास के लिए तैयार किया जाता है। राष्ट्रीय स्तर पर नौ कैडेट्स की सफलता केंद्र की इसी उच्च प्रदर्शन प्रशिक्षण व्यवस्था को दर्शाती है। हॉकी ऐस फाउंडेशन, टाटा स्टील और टाटा ट्रस्ट की संयुक्त पहल है। इसके तहत जमशेदपुर की नेवल टाटा हॉकी अकादमी और भुवनेश्वर के ओडिशा नेवल टाटा हॉकी हाई परफॉर्मेंस सेंटर के माध्यम से जमीनी स्तर से लेकर उच्च स्तर तक हॉकी प्रतिभाओं को तैयार किया जाता है।ओडिशा की यह राष्ट्रीय खिताबी जीत राज्य की हॉकी के लिए बड़ी उपलब्धि है। वहीं, ONTHHPC के नौ कैडेट्स का चैंपियन टीम का हिस्सा बनना जमशेदपुर और ओडिशा के लिए भी गौरव का क्षण है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version