
कोलंबो: श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट के पहले दिन भारत ने मजबूत शुरुआत करते हुए स्टंप्स तक 5 विकेट पर 300 रन बना लिए। श्रीलंका के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में खेले जा रहे मुकाबले में देवदत्त पडिक्कल ने शानदार शतक जड़ा, जबकि कप्तान शुभमन गिल ने भी अर्धशतकीय पारी खेली। दिन का खेल खत्म होने तक ध्रुव जुरेल 7 और सारांश जैन 4 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे।
देवदत्त पडिक्कल ने लगातार दूसरे टेस्ट में शतक लगाकर शानदार फॉर्म जारी रखी। उन्होंने 117 रन की बेहतरीन पारी खेली। इससे पहले पहले टेस्ट की पहली पारी में भी पडिक्कल ने 167 रन बनाकर प्रभावित किया था। दूसरे टेस्ट में भी उन्होंने श्रीलंकाई गेंदबाजों का डटकर सामना किया।
पडिक्कल को 76.2 ओवर में केशरा नुवान्था ने बोल्ड कर भारत को अहम झटका दिया। नुवान्था की गेंद पिच पर पड़ने के बाद हल्की घूमी और बैकफुट पर खेलने की कोशिश कर रहे पडिक्कल को चकमा देते हुए ऑफ स्टंप से जा टकराई।
कप्तान गिल की फिफ्टी
भारत की पारी में शुभमन गिल ने 50 रन बनाए। इसके साथ ही उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 3 हजार रन भी पूरे किए। गिल ने 6 चौके लगाए। 52 ओवर में आसिता फर्नांडो में उन्हें आउट किया. वहीं, ओपनर यशस्वी जायसवाल 45 रन बनाकर आउट हुए, जबकि केएल राहुल 18 रन ही बना सके। यशस्वी के आउट होने के बाद उनकी असिथा फर्नांडो से बहस भी हुई, हालांकि श्रीलंकाई कप्तान ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
पंत हुए चोटिल
विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत भी ज्यादा देर बल्लेबाजी नहीं कर सके। चोटिल होने के बाद उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा। लाहिरू कुमारा की तेज बाउंसर उनके बाएं हाथ की कलाई के पास लगी। मैदान पर उपचार और टेप लगाने के बाद भी दर्द कम नहीं हुआ, जिसके कारण पंत को रिटायर्ड हर्ट होकर बाहर जाना पड़ा। इसके बाद रवींद्र जडेजा बल्लेबाजी के लिए उतरे। दिन का खेल खत्म होने से कुछ समय पहले जडेजा 43 रन बनाकर आउट हो गए। असिथा फर्नांडो ने इनस्विंग गेंद पर उन्हें बोल्ड किया। फर्नांडो श्रीलंका की ओर से अब तक तीन विकेट ले चुके हैं।
सारांश जैन ने चौक से खोला खाता
भारत के लिए डेब्यू कर रहे सारांश जैन ने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना खाता चौके के साथ खोला। 84वें ओवर में फर्नांडो की शॉर्ट गेंद को उन्होंने शानदार लेट कट लगाकर बाउंड्री के बाहर भेजा। इसी चौके के साथ भारत के 300 रन भी पूरे हुए। सारांश जैन (4) और ध्रुव जुरैल ( 7) नाबाद लौटे है। कुल मिलाकर पहले दिन भारत की स्थिति मजबूत है और अब टीम की नजर दूसरे दिन बड़े स्कोर पर होगी। श्रीलंका को जल्द विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजों पर दबाव बनाने की चुनौती होगी।