Spread the love
जमशेदपुर में नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने साकची आमबागान से उपायुक्त कार्यालय तक विरोध मार्च निकालते हुए पेपर लीक की घटनाओं पर कड़ी नाराजगी जताई और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक से छात्रों का भविष्य अंधकार में जा रहा है। उन्होंने कहा कि छात्र वर्षों तक मेहनत कर परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक होने के बाद परीक्षाएं दोबारा करानी पड़ती हैं, जिससे छात्रों पर मानसिक दबाव बढ़ता है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि देश में लगातार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली से भरोसा उठता जा रहा है। उन्होंने मांग की कि पेपर लीक मामलों में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कानून लागू किया जाए।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन के माध्यम से केंद्र सरकार को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
error: Content is protected !!
Exit mobile version