Spread the love

रिपोर्ट : रविन्द्र कुमार मिश्र, गुमला

गुमला में रसोई गैस मिलने में हो रही परेशानी से नाराज उपभोक्ताओं का गुस्सा शुक्रवार को सड़क पर फूट पड़ा। बड़ी संख्या में उपभोक्ता अपने-अपने गैस सिलेंडर के साथ चंदाली स्थित समाहरणालय के मुख्य मार्ग, गुमला-लोहरदगा सड़क पर पहुंच गए और करीब आधे घंटे तक सड़क जाम कर दिया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। जाम में फंसे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। गैस उपभोक्ताओं ने बताया कि वे पिछले कई दिनों से सिलेंडर के लिए लाइन में लग रहे हैं, लेकिन उनका नंबर आने से पहले ही गैस खत्म हो जा रही है। बुकिंग कराने के बावजूद समय पर सिलेंडर नहीं मिलने से घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहा है। खासकर महिलाओं को ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। इधर, सड़क जाम की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। मौके पर एसडीपीओ सुरेश प्रसाद पुलिस बल के साथ पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने उपभोक्ताओं को जल्द गैस आपूर्ति सामान्य करने और समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। प्रशासन के आश्वासन के बाद उपभोक्ता शांत हुए और जाम हटाया गया। इसके बाद एसडीपीओ की मौजूदगी में गैस का वितरण भी कराया गया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version