Spread the love

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया वन क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक एक बार फिर देखने को मिला। सोमवार को हाथियों के झुंड ने रेलवे ट्रैक पर कार्य कर रहे एक रेलकर्मी पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार पश्चिम बंगाल निवासी 53 वर्षीय संजीव सिन्हा भारतीय रेलवे में लाइनमैन के पद पर कार्यरत हैं। सोमवार सुबह वह चाकुलिया और कोकपाड़ा रेलवे स्टेशन के बीच स्थित सुनसुनिया रेलवे फाटक के समीप ट्रैक मरम्मत और निरीक्षण कार्य में जुटे थे। इसी दौरान जंगल की ओर से 13 हाथियों का एक दल रेलवे ट्रैक पार करते हुए वहां पहुंच गया।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हाथियों के अचानक सामने आ जाने से संजीव संभल नहीं पाए। झुंड के एक हाथी ने उन्हें सूंड से पकड़कर जमीन पर पटक दिया। हमले में उनके दोनों पैरों सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद वहां मौजूद अन्य कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई और सभी अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।
सूचना मिलने पर वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घायल रेलकर्मी को तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है और उन्हें लगातार निगरानी में रखा गया है। घटना के बाद हाथियों का दल वापस जंगल की ओर लौट गया। वन विभाग ने लोगों और रेलवे कर्मियों से हाथियों की गतिविधियों वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों से पूर्वी सिंहभूम के विभिन्न इलाकों में हाथियों की आवाजाही बढ़ी है, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

error: Content is protected !!
Exit mobile version