जमशेदपुर: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) ने मंगलवार को जमशेदपुर जिला मुख्यालय के समक्ष जेपीएससी परीक्षा पेपर लीक और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी के विधायक जयराम महतो के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में जेएलकेएम के नेता, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। प्रदर्शन के बाद पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से राज्य सरकार के नाम ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई और छात्रों को न्याय दिलाने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। जेएलकेएम नेताओं ने कहा कि लाखों छात्र वर्षों की मेहनत के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होते हैं, लेकिन पेपर लीक और गड़बड़ियों की घटनाओं से उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है।
मीडिया से बातचीत करते हुए जेएलकेएम के कोल्हान महासचिव फनी भूषण महतो ने कहा कि अलग झारखंड राज्य का गठन युवाओं और छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के उद्देश्य से किया गया था, लेकिन वर्तमान स्थिति में छात्रों का भविष्य असुरक्षित नजर आ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार युवाओं के हितों की रक्षा करने में विफल रही है और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं कर पा रही है।
उन्होंने मांग की कि जेपीएससी परीक्षा पेपर लीक समेत सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आई कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और छात्रों का विश्वास बहाल हो सके।
जेएलकेएम नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार छात्रों की मांगों को गंभीरता से नहीं लेती और दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं करती है, तो पार्टी पूरे राज्य में आंदोलन को और तेज करेगी। उनका कहना था कि छात्रों के भविष्य से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।
Trending
- बांकीपुर में जन सुराज का उदय: ढहा भाजपा का किला, पीके की हुई प्रचंड जीत
- धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना को लेकर बढ़ी उम्मीदें, लंबित जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी गई
- चाईबासा में महिला से बैग छीनने वाले दो बदमाश 24 घंटे में गिरफ्तार, स्कूटी और लूटा गया सामान बरामद
- चाईबासा हत्याकांड का खुलासा: दोस्त समेत 6 गिरफ्तार, युवक की हत्या कर शव के किए थे टुकड़े
- जेपीएससी पेपर लीक मामले पर जेएलकेएम का प्रदर्शन, दोषियों पर कार्रवाई और छात्रों को न्याय दिलाने की मांग
- नेमरा में उमड़ा जनसैलाब, पहली पुण्यतिथि पर दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भावभीनी श्रद्धांजलि
- सुजीत सिन्हा का अंतिम संस्कार फिलहाल टला, पत्नी रिया की पैरोल पर टिकी परिवार की निगाहें
- जमशेदपुर में चेन स्नैचिंग गैंग का भंडाफोड़, तीन बदमाश और एक सुनार गिरफ्तार, हथियार व नकदी बरामद



