Spread the love

चाईबासा: चाईबासा के सदर थाना क्षेत्र में महिला से बैग छीनने की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त स्कूटी, लूटा गया मोबाइल फोन, नकदी और अन्य सामान भी बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
2 अगस्त को बड़ी बाजार हिन्दू चौक स्थित कुम्हार टोली निवासी रितु टोप्पो ने सदर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि स्कूटी सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनका बैग छीन लिया। बैग में मोबाइल फोन, नकदी और अन्य जरूरी सामान रखा हुआ था। शिकायत के आधार पर सदर थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने आसपास के तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कनकौसी उरांव साई निवासी 24 वर्षीय जितेन्द्र कच्छप उर्फ बच्चा उरांव और कुर्सी गांव निवासी 23 वर्षीय पुरुषोत्तम हॉसदा उर्फ डाकुआ के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद दोनों को न्यायिक प्रक्रिया पूरी कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई JH 05DT 3466 नंबर की नीले रंग की स्कूटी, Redmi Note-8 मोबाइल फोन, 500 रुपये नकद, महिला का बैग, लाल रंग का पर्स और अन्य सामान बरामद कर लिया है। पुलिस ने बताया कि पीड़िता का लगभग पूरा सामान बरामद कर लिया गया है।
इस कार्रवाई में सदर थाना प्रभारी निरीक्षक हीरालाल महतो के नेतृत्व में उपेंद्र नारायण सिंह, केशव कुमार मेहता, श्रीकांत कुमार, अजीत होनहागा और धर्मेंद्र कुमार सिंह सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा कि जिले में लूट और छीना-झपटी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

error: Content is protected !!
Exit mobile version