Spread the love

जमशेदपुर: जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, जमशेदपुर में आयोजित एथलेटिक्स प्रतियोगिता में डीएवी पब्लिक स्कूल, नोवामुंडी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने कुल 12 पदक अपने नाम किए, जिनमें 4 स्वर्ण, 6 रजत और 2 कांस्य पदक शामिल हैं। प्रतियोगिता का आयोजन डीएवी पब्लिक स्कूल, बिष्टुपुर द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए पर्यवेक्षक के रूप में टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल, नोवामुंडी की प्राचार्या शशिकला उपस्थित रहीं, जबकि मेजबान विद्यालय की प्राचार्या प्रज्ञा सिंह ने प्रतियोगिता का नेतृत्व और मार्गदर्शन किया। समापन समारोह में खिलाड़ियों को पदक और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता में सौरव प्रधान (अंडर-14 बालक वर्ग) सबसे सफल खिलाड़ी रहे। उन्होंने शॉटपुट और डिस्कस थ्रो दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय को दोहरी सफलता दिलाई। अनुष्का भारती (अंडर-14 बालिका वर्ग) ने शॉटपुट में स्वर्ण पदक जीता, जबकि दिशा सुरेन (अंडर-17 बालिका वर्ग) ने डिस्कस थ्रो में स्वर्ण और जेवलिन थ्रो में कांस्य पदक हासिल किया।
अन्य खिलाड़ियों में मनजीत पूर्ति (अंडर-17) ने 100 मीटर दौड़ में रजत पदक, प्रज्ञांश्री मिश्रा ने शॉटपुट में रजत, आशीष हेस्सा (अंडर-19) ने 100 मीटर स्प्रिंट में रजत और मोहित गुप्ता ने शॉटपुट में रजत पदक जीता। वहीं भव्या लाल (अंडर-19 बालिका वर्ग) ने डिस्कस थ्रो और जेवलिन थ्रो में दो रजत पदक अपने नाम किए। जेनी ने 100 मीटर स्प्रिंट में कांस्य पदक जीतकर विद्यालय की उपलब्धियों में एक और पदक जोड़ा।
समापन समारोह में विशिष्ट अतिथियों के रूप में डीएवी पब्लिक स्कूल, झींकपानी के प्राचार्य विवेकानंद घोष, डीएवी पब्लिक स्कूल, सिजुआ की प्राचार्या चंद्राणी बनर्जी तथा डीएवी पब्लिक स्कूल, बहरागोड़ा के प्राचार्य मुकेश कुमार उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रबंधन ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस प्रदर्शन से अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलेगी।

error: Content is protected !!
Exit mobile version