
रांची: एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग में यंग इंडिया कलिनरी चैंपियनशिप 2026-27 के तहत कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए विद्यालय स्तरीय फायरलेस कुकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, पोषण संबंधी जागरूकता और पाक-कला कौशल को बढ़ावा देना था।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने बिना आग का उपयोग किए सलाद, सैंडविच और कैनापे (Canapés) तैयार किए। प्रतिभागियों ने अपने व्यंजनों में कल्पनाशीलता, पौष्टिकता, स्वच्छता, आकर्षक प्रस्तुति और टीमवर्क का बेहतरीन प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता स्वस्थ खानपान की आदतों और पाक-कला प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का माध्यम बनी।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. तापस घोष ने विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि नई शिक्षा नीति में कौशल विकास को विशेष महत्व दिया गया है। पाक-कौशल जैसी व्यावहारिक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वस्थ, रचनात्मक और सतत् पाक-परंपराओं को अपनाने तथा अपनी प्रतिभा को निरंतर निखारने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। यह प्रतियोगिता आगे जिला और राष्ट्रीय स्तर तक आयोजित की जाएगी।