Spread the love

सराइकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र के सापड़ा गांव स्थित स्वर्णरेखा नदी तट पर गुरुवार सुबह एक 55 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सुबह नदी किनारे पहुंचे स्थानीय लोगों ने शव देखा, जिसके बाद तत्काल कपाली ओपी पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान बिरसानगर थाना क्षेत्र के वास्तु विहार निवासी विजय प्रकाश (55 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटा रही है।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि एक दिन पहले कपाली पुलिस ने इसी नदी तट के पास एक लावारिस मोटरसाइकिल बरामद की थी। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि उक्त बाइक का संबंध मृतक से हो सकता है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version