
पलामू: झारखंड के पलामू जिले के ऊंटारी रोड थाना क्षेत्र में एक लापता युवक का शव कोयल नदी के किनारे बालू में दबा हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सैकडीहा गांव निवासी सचिन कुमार साहू के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सचिन कुमार साहू 14 जुलाई से लापता था। परिजन और ग्रामीण मंगलवार रात से ही उसकी लगातार तलाश कर रहे थे। इसी दौरान बुधवार देर शाम कोयल नदी के तट पर करीब दो से तीन फीट बालू के नीचे दबा उसका शव बरामद हुआ।
शव मिलने की सूचना फैलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। मामले की जानकारी मिलते ही ऊंटारी रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसका शव बालू में कैसे दबा मिला। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले की जांच जारी है।