
जमशेदपुर: वस्तु एवं सेवा कर (GST) से जुड़े कथित फर्जी बिलिंग और टैक्स चोरी के मामले में डायरेक्टरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (DGGI) ने जमशेदपुर के बारीडीह निवासी स्क्रैप कारोबारी अजय शर्मा को गिरफ्तार किया है। बुधवार को हुई इस कार्रवाई के बाद उन्हें मेडिकल जांच के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां स्वास्थ्य परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की गई। डीजीजीआई की जांच के अनुसार, अजय शर्मा पर फर्जी बिलों के माध्यम से इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का अनुचित लाभ लेने और टैक्स चोरी से जुड़े नेटवर्क का हिस्सा होने का आरोप है। एजेंसी की जांच में उनका नाम पहले से जांच के दायरे में रहे स्क्रैप कारोबारियों से जुड़े मामले में सामने आया, जिसके बाद उनके ठिकानों पर छापेमारी की गई और पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
बताया जा रहा है कि इस मामले में पहले भी स्क्रैप कारोबार से जुड़े कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है। इसी प्रकरण में कारोबारी विक्की भालोटिया, शिव देवरा और अमित गुप्ता करीब एक वर्ष से रांची जेल में बंद हैं। डीजीजीआई को संदेह है कि अजय शर्मा की कथित भूमिका भी इसी नेटवर्क से जुड़ी हुई है। फिलहाल जांच एजेंसी मामले से जुड़े अन्य दस्तावेजों, वित्तीय लेनदेन और संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जा सकती है