जमशेदपुर: जमशेदपुर के कोवाली क्षेत्र में पीडीएस दुकानदार के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों ग्रामीण उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए पीडीएस दुकानदार ललित खंडापातर का लाइसेंस रद्द करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने दुकानदार पर राशन वितरण में अनियमितता और कालाबाजारी का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि पीडीएस दुकानदार द्वारा लंबे समय से राशन वितरण में गड़बड़ी की जा रही है। इस मामले को लेकर कई बार राशन विभाग के अधिकारियों से शिकायत भी की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि लाभुकों को समय पर राशन नहीं दिया जा रहा है, जिससे गरीब परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मौके पर मौजूद गांव के जिला परिषद सदस्य और मुखिया ने बताया कि संबंधित पीडीएस दुकान से करीब 700 राशन कार्डधारी जुड़े हुए हैं। लगातार राशन नहीं मिलने के कारण कई परिवारों के सामने भुखमरी जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। ग्रामीणों ने दुकानदार पर राशन की कालाबाजारी करने का भी गंभीर आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि पीडीएस दुकानदार का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाए और पिछले चार महीनों से लंबित राशन लाभुकों के बीच जल्द उपलब्ध कराया जाए। वहीं ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।



