
जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में बीती रात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। महज पांच घंटे के अंतराल में दो अलग-अलग जगहों पर कुल पांच राउंड गोलियां चलाई गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अपराधियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
पहली घटना रात करीब 8 बजे नामदा बस्ती स्थित गुरुद्वारा के पीछे हुई, जहां अपराधियों ने फायरिंग कर इलाके में सनसनी फैला दी। इसके बाद दूसरी घटना देर रात 12 बजकर 56 मिनट पर हुई, जब अपराधियों ने राज नामक व्यक्ति के घर के सामने तीन राउंड फायरिंग की। इस दौरान एक गोली राजकुमार शाह की थार गाड़ी में जा लगी।
सूत्रों के अनुसार, इस पूरी वारदात के पीछे जेल में बंद अपराधी बिल्ला पाठक का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं अमन शेखर, कुंडी और वीर सिंह पर घटना को अंजाम देने का आरोप लग रहा है।
पीड़ित राजकुमार शाह ने बताया कि घटना से पहले उनके मोबाइल पर एक कॉल आया था। कॉल करने वाले ने खुद को कुंडी बताते हुए 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। कॉलर ने कहा कि पैसे नहीं देने पर उन्हें कन्हैया यादव के पास “ऊपर पहुंचा दिया जाएगा।”
गौरतलब है कि कुछ महीने पहले ही कन्हैया यादव की गोलमुरी डीएसपी कार्यालय से कुछ दूरी पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस मामले में भी कुंडी का नाम सामने आया था और वह अब तक फरार बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन अपराधी घटनास्थल पर पहुंचे और फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। लगातार हो रही गोलीबारी की घटनाओं से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है।
फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।