Spread the love

रिपोर्ट : रविन्द्र कुमार मिश्र, गुमला 

गुमला जिले के सिसई थाना क्षेत्र अंतर्गत छरदा रोड में आज शुक्रवार को कथित रूप से चंगाई सभा के माध्यम से लोगों को प्रभावित कर धर्मांतरण के लिए प्रेरित करने के आरोप में पुलिस ने पांच महिलाओं को हि

रासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति भी उत्पन्न हो गई, जिसे पुलिस ने तत्परता से नियंत्रित किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी महिलाएं गुमला प्रखंड के पुग्गू और आसपास के क्षेत्रों की रहने वाली हैं। इनमें रौमिला मिंज, किरण कुजूर, शकीरा तिर्की, सुशीला देवी और इंदु देवी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि ये महिलाएं छरदा रोड स्थित कुम्हार मोड़ इलाके में घर-घर जाकर चंगाई सभा से संबंधित पंपलेट बांट रही थीं और लोगों को बीमारियों से मुक्ति, स्वस्थ जीवन तथा किसी भी रोग के न होने जैसे दावे कर सभा में शामिल होने के लिए प्रेरित कर रही थीं। स्थानीय निवासी आनंद साहू ने आरोप लगाया कि उक्त महिलाएं उनके घर पहुंचीं और उनके देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए उन्हें अपनी परंपराएं छोड़कर चंगाई सभा में शामिल होने के लिए बार-बार दबाव बना रही थीं। इसके बाद उन्होंने इस संबंध में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, हिंदू जागृति मंच और सिसई थाना को सूचना दी। सूचना मिलते ही विभिन्न हिंदू संगठनों के सदस्य बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए सिसई थाना की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और महिलाओं को भीड़ से सुरक्षित निकालते हुए थाना ले आई। हिंदू संगठनों की ओर से थाना में दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि महिलाओं द्वारा लोगों को प्रलोभन देकर धर्मांतरण का प्रयास किया जा रहा था तथा देवी-देवताओं का अपमान किया गया। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और महिलाओं से पूछताछ जारी है। मौके पर संजय कुमार वर्मा,विश्व हिन्दू परिषद के जिला मंत्री मनीष बाबू, बजरंग दल के सौरव ताम्रकर, रोहित शर्मा, मुकेश श्रीवास्तव डेविड, आशीष यादव, बिट्टू गुप्ता, विक्रम कुमार, सहित काफी संख्या में लोगों ने विरोध जताया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version