
अक्षर संवाद जमशेदपुर
9वाँ भोजपुरी नाट्य महोत्सव संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से रंगश्री, दिल्ली द्वारा आयोजित, 9वां भोजपुरी नाट्य महोत्सव, 2026 के दूसरे और आखिरी दिन लगातार 3 नाटकों का मंचन किया गया जिसमें पहला नाटक ब्रह्मेश्वर नाथ तिवारी कृत हास्य व्यंग्य नाटक ‘शनि के साढ़ेसाती’ का जोरदार मंचन हुआ। इस नाटक के माध्यम से अंधविश्वास पर जबरदस्त प्रहार करते हुए दिखाया गया कि कैसे धर्म, वास्तु और शुभ-अशुभ बताने की आड़ में पेशेवर तांत्रिक और वास्तु विशेषज्ञ यजमान को मूर्ख बनाकर और डराकर ठगने का काम करते हैं। वहीं दूसरी प्रस्तुति थी, जमशेदपुर की ‘मंच’ संस्था द्वारा अनिता सिंह के निर्देशन में विशु बासु कृत मूल बांग्ला हास्य व्यंग्य नाटक “शांति रक्षक” के भोजपुरी अनुवाद ,अमन के रखवार की । यह नाटक विपुल चौधरी और डॉ महेंद्र प्रसाद सिंह के द्वारा भोजपुरी में अनुवादित किया गया था। पुलिस प्रशासन पर करारा प्रहार करते हुए इस नाटक में दिखाया गया है कि कैसे एक कर्त्तव्यनिष्ठ युवा, जो रास्ते में मिले एक पर्स को थाने में जमा करने जाता है, को बुरी तरह प्रताड़ित किया जाता है।
हर संवाद पर हास्य पैदा करने वाले इस नाटक के मुख्य किरदार दरोगा ज़ालिम सिंह की भूमिका में विनोद कुमार प्रभावी रहे। गणेश की भूमिका में रौशन कुमार , डाकमुंशी गोबरधन के रूप में अंशु पाठक, शिवपुजन सिपाही के रूप में संजीत प्रजापति और रामभजन की भूमिका में राहुल कुमार आर्या का अभिनय भी सराहनीय रहा। पार्श्व ध्वनि व प्रकाश व्यवस्था कृष्णा सिन्हा ने किया।
महोत्सव का समापन रंगश्री की प्रस्तुति अरविंद विद्रोही कृत भोजपुरी हास्य व्यंग्य नाटक “कब्रिस्तान के उदघाटन ”, का जोरदार मंचन से हुआ। इस नाटक को निर्देशित किया रंगश्री के संस्थापक डॉ महेंद्र प्रसाद सिंह ने। यह नाटक उन राजनेताओं पर एक व्यंग्य है जो सस्ती लोकप्रियता पाने एवं सत्ता में बने रहने के लिए, अपने मतदाताओं को झूठे नारे एवं तरह तरह के वादों से भरमाते हैं और अपना उल्लू सीधा करते हैं। नाटक में मुख्यमंत्री का एक संवाद था, “अपना लोकतंत्र झूठा और लुभावना नारा पर चलते आ रहा है। लोगों को आश्वासन, नारा और जाति-धर्म पर टांग कर रखना राजनीति का धर्म है।” इस नाटक में भ्रष्ट राजनीति के विभिन्न आयाम को हंसते हंसाते बड़े बेहतरीन तरीके से दिखाया गया जिसको देख दर्शक ठहाके लगाते अपना पेट पकड़े़ बैठे रहे। नाटक में मुख्यमंत्री की भूमिका में अखिलेश कुमार पांडे, पी.ए. की भूमिका में स्वयं डॉ महेंद्र प्रसाद सिंह, हिजड़े, मुस्लिम लीडर व डीसी की भूमिका में क्रमश: सौमित्र वर्मा, विजय व रुस्तम कुमार, बेरोजगार संघ के अध्यक्ष की भूमिका में कृति कुमारी, महामंत्री की भूमिका में कीर्ति यादव, गार्ड/ सिपाही/अधिकारी की भूमिका में विनय कांत चपरासी की भूमिका में प्रभात रंजन, मुर्दा की भूमिका में रुस्तम कुमार, ऑफिसर व बेरोजगार संघ के संयुक्त सचिव की भूमिका में अशोक प्रभावी रहे।