
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के कोवाली थाना क्षेत्र में पुलिस पर लगाए गए बर्बरता और प्रताड़ना के आरोपों को लेकर मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। हेंसड़ा गांव निवासी बुजुर्ग श्यामा प्रसाद बेरा की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। इस बीच पोटका विधायक संजीव सरदार अस्पताल पहुंचे और पीड़ित से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार, कोवाली थाना प्रभारी पर श्यामा प्रसाद बेरा के साथ कथित मारपीट करने, झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने और रुपये मांगने के आरोप लगाए गए हैं। परिजनों का आरोप है कि पुलिस प्रताड़ना के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें पोटका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से रेफर कर एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलने पर विधायक संजीव सरदार मंगलवार को एमजीएम अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पीड़ित और उनके परिजनों से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली तथा न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
मीडिया से बातचीत में विधायक ने कहा कि यदि लगाए गए आरोप सही साबित होते हैं तो यह बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला है। उन्होंने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी जनता में विश्वास कायम करना है, न कि भय का माहौल पैदा करना। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हिरासत या पुलिस कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की बर्बरता लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल खड़ा करती है।
विधायक ने बताया कि मामले की जानकारी वरीय पुलिस अधीक्षक को दे दी गई है। साथ ही उन्होंने कहा कि वह इस मुद्दे को डीआईजी, डीजीपी और मुख्यमंत्री के समक्ष भी उठाएंगे तथा दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की मांग करेंगे।
फिलहाल पीड़ित का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है और पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। सभी की नजर अब प्रशासनिक जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।