रांची: राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र स्थित साउथ ऑफिस पाड़ा के समृद्धि कॉम्प्लेक्स में रहने वाली 66 वर्षीय शाहिना खातून साइबर ठगी का शिकार हो गईं। ठग ने खुद को भारतीय सेना का जवान बताते हुए मकान किराए पर लेने की इच्छा जताई और ऑनलाइन एडवांस भुगतान करने का बहाना बनाकर उनके बैंक खाते से 2.99 लाख रुपये उड़ा लिए। पीड़िता की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और ठग की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
प्राथमिकी के अनुसार, शाहिना खातून और उनके पति ने अपना मकान किराए पर देने के लिए एक विज्ञापन प्रकाशित कराया था। विज्ञापन देखने के बाद आरोपी ने “आशिष कुमार पहाड़ी” नाम से संपर्क किया। उसने खुद को भारतीय सेना का जवान बताते हुए भरोसा दिलाया और व्हाट्सएप पर आधार कार्ड तथा पैन कार्ड की कॉपी भी भेजी। दस्तावेज देखकर दंपती को उस पर विश्वास हो गया। इसके बाद आरोपी ने ऑनलाइन भुगतान करने की बात कही और एक प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर महिला से बैंक संबंधी जानकारी साझा करवाई। इसी दौरान साइबर ठग ने उनके खाते से कुल 2.99 लाख रुपये निकाल लिए। रकम कटने का संदेश मिलने पर उन्हें ठगी का एहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने साइबर क्राइम थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मकान किराए पर देने या किसी भी ऑनलाइन लेनदेन के दौरान अनजान व्यक्ति के कहने पर किसी भी लिंक पर क्लिक न करें, बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें और किसी भी भुगतान प्रक्रिया में सतर्कता बरतें।


