
पटमदा: प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय, पटमदा परिसर में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. प्रियंका झा ने ध्वजारोहण कर की। इसके बाद शिक्षिका कुमारी पूनम सिंह के नेतृत्व में राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर शिक्षक अरविंद कुमार, धनंजय कुमार और अलका कुमारी सिंह ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व तथा देश की आजादी के लिए स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, भाषण और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। दीया कुमारी, पायल दत्ता और सुप्रभा ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर समारोह में जोश और उत्साह भर दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को उपस्थित शिक्षकों और सहपाठियों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के दौरान मासिक रेल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों तथा शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधन के इस प्रयास से विद्यार्थियों में पढ़ाई, अनुशासन और नियमित विद्यालय आने के प्रति उत्साह बढ़ा।
प्रधानाचार्य डॉ. प्रियंका झा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि देश का उज्ज्वल भविष्य विद्यार्थियों के ज्ञान, अनुशासन, संस्कार और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना पर निर्भर करता है।
समारोह में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी के बीच मिठाइयों का वितरण किया गया। समारोह का समापन राष्ट्रीय एकता, राष्ट्रहित और देशभक्ति की भावना के साथ हुआ।