Spread the love

जमशेदपुर। सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा चैम्बर भवन में एक महत्वपूर्ण एवं बहुप्रतीक्षित इंटरैक्टिव सेशन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार झारखण्ड के प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त जयंत मिश्रा उपस्थित रहे। उनके साथ आयकर विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।

कार्यक्रम के दौरान आयकर से जुड़े ज्वलंत मुद्दों, प्रक्रियात्मक चुनौतियों, अनुपालन (कंप्लायंसेस) और व्यवहारिक कठिनाइयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

चैम्बर के अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि संस्था हमेशा व्यवसायियों और उद्यमियों के हित में कार्य करती है और उन्हें नए नियमों व कर संबंधी जटिलताओं से अवगत कराती है। उन्होंने कहा कि ऐसे संवादात्मक कार्यक्रमों से सदस्यों को नीति-निर्माताओं और अधिकारियों से सीधे जुड़ने का अवसर मिलता है।

सत्र का संचालन करते हुए उपाध्यक्ष एवं कराधान अधिवक्ता राजीव अग्रवाल ने मुख्य अतिथि का परिचय दिया और कहा कि यह कार्यक्रम करदाताओं और प्रशासन के बीच सहयोग को और मजबूत करेगा।

मुख्य अतिथि जयंत मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि जमशेदपुर सहित झारखंड के अन्य क्षेत्रों में एयर कनेक्टिविटी की कमी से क्षेत्रीय विकास प्रभावित हो रहा है, जिसका असर राजस्व पर भी पड़ता है।

उन्होंने जानकारी दी कि नया आयकर अधिनियम 2025 पारित हो चुका है, जो 1 अप्रैल 2026 से लागू होगा। पुराने कानून के तहत लंबित मामलों का निपटारा उसी अधिनियम के अनुसार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नया कानून सरल और करदाताओं के लिए अधिक सहज बनाया गया है।

मिश्रा ने बताया कि देश में करीब 75 करोड़ पैन धारक हैं, लेकिन केवल 9 करोड़ लोग ही आयकर रिटर्न दाखिल करते हैं, जो लगभग 12% है। वहीं झारखंड में यह आंकड़ा करीब 4% है, जिसे बढ़ाने की जरूरत है।

उन्होंने करदाताओं से समय पर अग्रिम कर भुगतान करने की अपील की और कहा कि इससे ब्याज से बचाव होगा और देश-राज्य दोनों को मजबूती मिलेगी। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को ‘विवाद से विश्वास’ योजना के तहत लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने का निर्देश दिया।

चैम्बर के सचिव अंशुल रिंगसिया ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम पारदर्शिता बढ़ाने के साथ Ease of Doing Business को मजबूत करते हैं। वहीं पूर्व अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने सुझाव दिया कि नए कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभाग द्वारा विशेषज्ञ अधिकारियों को नामित किया जाए।

कार्यक्रम के अंत में सीए अनिल अग्रवाल रिंगसिया ने धन्यवाद ज्ञापन किया.कार्यक्रम में अध्यक्ष मानव केडिया, उपाध्यक्ष अधिवक्ता राजीव अग्रवाल, अनिल मोदी, हर्ष बाकरेवाल, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, सचिव अंशुल रिंगसिया, भरत मकानी, बिनोद शर्मा, सुरेश शर्मा लिपु, कोषाध्यक्ष सीए अनिल रिंगसिया, निवर्तमान अध्यक्ष विजय आनंद मूनका, सीए पीयूष गोयल, पवन नरेडी, सीए प्रतीक अग्रवाल, सीए जगदीश खंडेलवाल, अधिवक्ता राजेश मित्तल, सीए किशन चौधरी, सीए संजय गोयल, सीए बिनोद अग्रवाल, अधिवक्ता सतीश सिंह, अधिवक्ता पारस अग्रवाल, सीए सुगम सरायवाला, सीए आनंद अग्रवाल, सीए विनीत मेहता, सीए अक्षय जैन के अलावा सीए सोसाइटी ऑफ जमशेदपुर एवं बार एसोसिएशन के चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, अधिवक्तागण, व्यापारी एवं उद्यमीगण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

error: Content is protected !!
Exit mobile version