Spread the love

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए जिले के एसएसपी एसएसपी डॉ एहतेशाम वकारिब ने रविवार को पुलिस अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले के नगर एवं ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी पुलिस उपाधीक्षक, अंचल निरीक्षक और थाना प्रभारियों को अपराध नियंत्रण, जनसुनवाई और पुलिसिंग को लेकर कई अहम निर्देश दिए गए। बैठक में एसएसपी ने स्पष्ट किया कि जिले के सभी पुलिसकर्मी एक टीम की तरह कार्य करें और जनता के साथ बेहतर व्यवहार को प्राथमिकता दें। थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया कि थाने में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ सम्मानजनक व्यवहार करें, उन्हें बैठने की सुविधा दें, पीने का पानी उपलब्ध कराएं तथा उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें।

अपराध नियंत्रण को लेकर एसएसपी ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि किसी भी थाना क्षेत्र में अवैध जुआ, लॉटरी, ड्रग्स, अवैध बालू कारोबार या अन्य गैरकानूनी गतिविधियां मिलने पर संबंधित थाना प्रभारी की जवाबदेही तय की जाएगी। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में सभी थाना प्रभारियों को अवैध हथियारों और प्रतिबंधित हथियारों के खिलाफ लगातार एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही दागी अपराधियों की नियमित थाना हाजिरी सुनिश्चित करने और उन्हें दोबारा अपराध से दूर रखने के लिए निगरानी बढ़ाने को कहा गया। एसएसपी ने यह भी निर्देश दिया कि पीसीआर और टाइगर मोबाइल की 24 घंटे गश्त जारी रहे। बैंक, एटीएम, पेट्रोल पंप, ज्वेलरी दुकानों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए। स्कूल, कॉलेज और पार्कों के आसपास छेड़खानी एवं चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया। यातायात व्यवस्था को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए गए कि ट्रैफिक जांच के नाम पर आम लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूकता अभियान चलाते हुए सुरक्षित और जिम्मेदार ड्राइविंग को बढ़ावा दिया जाए। पुलिस अधिकारियों से कहा गया कि जनता का विश्वास जीतते हुए कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाना ही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

error: Content is protected !!
Exit mobile version