जमशेदपुर: ग्रेजुएट महाविद्यालय के सभागार में शुक्रवार को बीएड विभाग, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय कानूनी जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों, कर्तव्यों और विभिन्न कानूनों की जानकारी देकर जागरूक बनाना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), जमशेदपुर के सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी शामिल हुए। वहीं वरिष्ठ मध्यस्थ अधिवक्ता के.के. सिन्हा, लीगल एड डिफेंस काउंसिल की सदस्य योगिता कुमारी तथा महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. वीणा सिंह प्रियदर्शी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद सभी अतिथियों का पौधा भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया।
स्वागत भाषण में प्राचार्या डॉ. वीणा सिंह प्रियदर्शी ने कहा कि छात्राओं के लिए कानूनी जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। कानून की जानकारी होने पर ही महिलाएं अपने अधिकारों की रक्षा कर सकती हैं और समाज में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकती हैं। मुख्य वक्ता कुमार सौरभ त्रिपाठी ने छात्राओं को नशा उन्मूलन, पॉक्सो अधिनियम, महिलाओं के मौलिक अधिकार एवं कर्तव्यों, पैतृक संपत्ति में महिलाओं के अधिकार, गुड टच और बैड टच की पहचान तथा उससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि यदि किसी व्यक्ति की एफआईआर थाना में दर्ज नहीं की जाती है तो कानून में उसके लिए क्या वैकल्पिक प्रावधान उपलब्ध हैं।
वरिष्ठ अधिवक्ता के.के. सिन्हा और लीगल एड डिफेंस काउंसिल की सदस्य योगिता कुमारी ने महिलाओं के अधिकार, घरेलू हिंसा, बाल विवाह, मानव तस्करी, डायन प्रथा, डालसा की भूमिका एवं मुफ्त कानूनी सहायता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने कहा कि किसी भी कानूनी समस्या की स्थिति में लोग जिला विधिक सेवा प्राधिकार कार्यालय से निःशुल्क सहायता प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम का संचालन बीएड विभागाध्यक्ष डॉ. विश्वेश्वर यादव ने किया। आयोजन को सफल बनाने में पीएलवी नागेंद्र कुमार, दिलीप जायसवाल, संजय कुमार तिवारी, आशीष प्रजापति, दीपिका कुजूर और डॉ. निशा कोंगारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। शिविर में बड़ी संख्या में शिक्षक एवं छात्राओं ने भाग लेकर विभिन्न कानूनी विषयों की जानकारी प्राप्त की।



