जमशेदपुर के मानगो नगर निगम में शुक्रवार को नई मेयर के रूप में सुधा गुप्ता ने विधिवत रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। इस मौके पर निगम कार्यालय में स्वागत का माहौल देखने को मिला।
आयोजित समारोह में उप मेयर राहुल कश्यप और उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार की मौजूदगी में सुधा गुप्ता ने मेयर पद का कार्यभार संभाला। दोनों अधिकारियों ने पुष्प गुच्छ देकर उनका स्वागत किया और शुभकामनाएं दीं।
पदभार ग्रहण करने के बाद मेयर सुधा गुप्ता ने निगम के कर्मचारियों से मुलाकात की और सभी के साथ समन्वय बनाकर काम करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जन समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने भरोसा दिलाया कि निगम के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग से विकास कार्यों को तेज किया जाएगा और आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
नई मेयर के पदभार संभालने के साथ ही मानगो क्षेत्र में विकास को लेकर लोगों की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं।
