Spread the love

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में बुधवार तड़के एक होटल में लगी भीषण आग ने हड़कंप मचा दिया। न्यू मार्केट के पास मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित होटल में आग लगने से कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दमकल और आपदा प्रबंधन की टीम ने मौके पर पहुंचकर बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
बताया जा रहा है कि आग बुधवार तड़के करीब 2 बजे होटल में लगी। उस समय अधिकांश मेहमान गहरी नींद में थे। देखते ही देखते धुआं होटल के कमरों और सीढ़ियों तक फैल गया, जिससे अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने में काफी परेशानी हुई। कई लोग होटल के भीतर फंस गए थे।

संकरी सड़क के कारण रेस्क्यू में आई परेशानी

घटना की सूचना मिलते ही दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। होटल जिस इलाके में स्थित है, वहां सड़क काफी संकरी है। इसके कारण दमकल वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने और राहत कार्य शुरू करने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा। घने धुएं के कारण फायर फाइटर्स को भी अंदर जाकर तलाशी और बचाव अभियान चलाने में परेशानी हुई।
आपदा प्रबंधन की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान में सहयोग किया। अधिकारियों ने होटल से 20 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया है।

इलाज के लिए कोलकाता आए थे कई लोग

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतकों में बांग्लादेश के नागरिक भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि कई लोग इलाज के सिलसिले में कोलकाता आए थे और होटल में ठहरे हुए थे। हालांकि सभी मृतकों की पहचान और उनके मूल स्थान की आधिकारिक पुष्टि अभी पूरी तरह सामने नहीं आई है।

आग लगने की वजह की जांच जारी

प्रारंभिक स्तर पर एयर कंडीशनर में खराबी या विस्फोट को आग लगने की संभावित वजह बताया जा रहा है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दमकल और पुलिस की टीम आग लगने के वास्तविक कारण का पता लगाने में जुटी है। हादसे ने कोलकाता के घनी आबादी वाले इलाकों में होटल और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन की ओर से घटना की विस्तृत जांच की जा रही है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version