Spread the love


पटना: पटना के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के रानीसराय गंगा घाट पर सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गंगा में नहाने गए सात बच्चे गहरे पानी में चले गए। अचानक हुए इस हादसे के बाद घाट पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत नदी में उतरकर बचाव की कोशिश शुरू की और तीन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि चार बच्चियों का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। लापता बच्चियों की पहचान राधिका कुमारी, आरती कुमारी, नंदनी कुमारी और बबली कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी बच्चे आपस में भाई-बहन हैं और एक ही परिवार से जुड़े हुए हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोग घाट पर पहुंचकर बच्चों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद में नदी की ओर टकटकी लगाए हुए हैं।

गंगा स्नान कर रहे थे बच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्चे गंगा में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान कुछ बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और तत्काल नदी में उतरकर बचाव अभियान शुरू किया। काफी प्रयास के बाद तीन बच्चों को बाहर निकाल लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही बख्तियारपुर थानाध्यक्ष देवानंद शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में स्थानीय गोताखोरों को नदी में उतारा गया और लापता बच्चों की तलाश शुरू कराई गई। नदी में अलग-अलग स्थानों पर लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। हादसे के बाद घाट पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और परिजनों की भीड़ जुट गई। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

SDRF से संभाला मोर्चा
प्रशासन की ओर से SDRF की टीम को भी मौके पर बुलाया जा रहा है। SDRF के पहुंचने के बाद नदी में तलाश अभियान को और व्यापक स्तर पर चलाए जाने की उम्मीद है। फिलहाल स्थानीय गोताखोरों की मदद से लापता बच्चियों की तलाश जारी है। प्रशासनिक अधिकारी भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। जानकारी हो कि कटिहार जिले के कमला नदी में भी सोमवार को डूबने से 3 बच्चों की मौत हो गई। यहां भी 7 बच्चे जल भरने के दौरान डूब गए थे। 4 बच्चों को बचा लिया गया था।

error: Content is protected !!
Exit mobile version