
नवादा : बिहार के नवादा जिले में सोमवार को एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। बुंदेलखंड थाना क्षेत्र के दर्जी टोला में एक मकान के कमरे से एक महिला और उसके दो मासूम बच्चों के शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। एक साथ तीन शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। आशंका जताई जा रही है कि महिला ने पहले अपने दोनों बच्चों की जान ली और इसके बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। हालांकि, घटना के पीछे का स्पष्ट कारण अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही बुंदेलखंड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
घरेलू विवाद या कोई और वजह? जांच में जुटी पुलिस
तीन मौतों की इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। महिला ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया? क्या वह किसी घरेलू विवाद या मानसिक दबाव से गुजर रही थी? या फिर घटना के पीछे कोई दूसरी वजह थी? इन सभी बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस की जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
इलाके में पसरा मातम
एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत की खबर से दर्जी टोला में मातम का माहौल है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि आखिर महिला ने अपने बच्चों के साथ इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया।