कटिहार: सावन की सोमवारी पर भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए कमला नदी पहुंचे श्रद्धालुओं के बीच सोमवार को उस समय चीख-पुकार मच गई, जब नहाने के दौरान सात बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए। हादसे में तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई, जबकि चार बच्चों को स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।घटना जिले के कोढ़ा विधानसभा क्षेत्र के फलका थाना अंतर्गत कमला नदी में हुआ। जानकारी के अनुसार, सावन की सोमवारी को जल भरने के लिए बच्चे नदी किनारे पहुंचे थे। इसी दौरान स्नान करते समय उनका संतुलन बिगड़ गया और सात बच्चे गहरे पानी में चले गए।
स्थानीय लोगों ने 4 बच्चों को बाहर निकला
बच्चों को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद चार बच्चों को नदी से बाहर निकाल लिया। हालांकि, तीन बच्चों को बचाया नहीं जा सका। उन्हें बाहर निकालने के बाद कोढ़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
इधर, स्थानीय लोगों ने प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सावन की सोमवारी के कारण नदी में जल भरने और स्नान करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे थे। इसके बावजूद नदी के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। लोगों के मुताबिक, नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था और ऐसे में प्रशासन को पहले से ही घाटों पर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था करनी चाहिए थी।
दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। लोगों ने प्रशासन से नदी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित करने और श्रद्धालुओं की आवाजाही के दौरान विशेष निगरानी रखने की मांग की है।



