
जमशेदपुर: जमशेदपुर जिला मुख्यालय में शुक्रवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति यानी दिशा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सांसद, सभी विधायक, उपायुक्त समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, खनन और खाद्य आपूर्ति समेत कई सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि साल में दो बार दिशा की बैठक कराने का प्रयास किया जाता है ताकि जिले में चल रही विकास योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग हो सके और कार्यों को समय पर पूरा कराया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं में तेजी लाने और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
वहीं बैठक के दौरान विधायक संजीव सरदार ने कुछ अधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों पर जिम्मेदारी है, वे अपनी जिम्मेदारियों का सही तरीके से निर्वहन नहीं कर रहे हैं। ऐसे अधिकारियों की रिपोर्ट सरकार को भेजी जाएगी ताकि उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई हो सके।
बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित योजनाओं को जल्द पूरा करने और विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।